Chhattisgarh

बेमेतरा में एसपी त्रिलोक बंसल ने ली पुलिस जवानों की जनरल परेड, बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

बेमेतरा, 13 नवंबर। SP त्रिलोक बंसल (IPS) ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र बेमेतरा स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों की जनरल परेड ली। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेकर जवानों के अनुशासन, शारीरिक दक्षता और पुलिसिंग कौशल का निरीक्षण किया। परेड में जिले के सभी थाना, चौकी और विभिन्न शाखाओं के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

जनरल परेड के दौरान पुलिस जवानों ने टोलीवार परेड और विभिन्न ड्रिलों के माध्यम से अपनी दक्षता एवं अनुशासन का प्रदर्शन किया। एसपी त्रिलोक बंसल ने बेहतर गणवेश धारण करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों को भविष्य में भी अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

एसपी ने पुलिस जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।

परेड के बाद SP ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों, ड्राइवर टूल किट, ड्राइवर रजिस्टर और अन्य संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित देखरेख और आवश्यक सुधार समय पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई और आपातकालीन परिस्थितियों में शासकीय वाहनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त SP डॉ. हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भुषण एक्का, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित जिले के विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button