रायपुर में डिलीवरी बॉय को टक्कर मारकर लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

रायपुर, 13 नवंबर । राजधानी रायपुर में डिलीवरी बॉय को जानबूझकर बाइक से टक्कर मारकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर उसके पास रखे 5 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हबीब खान स्वीगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 10 नवंबर 2026 को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान दोपहर में डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में वह वाहन सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर हबीब खान के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे पर्स से 5 हजार रुपये नकद तथा हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(6), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पीड़ित से आरोपियों के हुलिए की जानकारी लेकर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से उनकी तलाश की गई।
इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दुष्यंत साहू (22) और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू (21), दोनों निवासी पुराना आमानाका क्षेत्र, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




