बस्तर फाइटर भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर युवाओं का चक्काजाम, पुलिस से झूमाझटकी; 3 दिन का अल्टीमेटम

जगदलपुर, 13 नवंबर। बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग को लेकर युवाओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। पिछले एक सप्ताह से जारी आंदोलन के तहत शुक्रवार को जगदलपुर के आमागुड़ा में बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
दरअसल, बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के लिए फिलहाल 79 पद निर्धारित किए गए हैं। युवाओं की मांग है कि इन पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बस्तर के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलने चाहिए। इसके साथ ही उन्हें अन्य जिलों में होने वाली भर्ती प्रक्रिया में भी आवेदन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
चक्काजाम के दौरान पुलिस लगातार माइक के माध्यम से प्रदर्शनकारियों को समझाती रही कि उन्हें सड़क पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है और वे वापस लौट जाएं। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और आगे बढ़ते रहे। इस दौरान पुलिस और युवाओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शनकारी गोवर्धन बघेल ने कहा कि बस्तर फाइटर भर्ती में केवल 79 पद निर्धारित किए जाने से स्थानीय युवाओं में निराशा है। इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपने और रैली निकालने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं, आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश सदस्य मोतीराम कश्यप ने बताया कि प्रशासन की ओर से मांगों पर विचार करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो युवा उग्र आंदोलन करेंगे और अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल आकाश ने सरकार के बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। वहीं, रितु नाग ने मांग की कि या तो बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए या फिर स्थानीय युवाओं को दूसरे जिलों की भर्ती में शामिल होने का अवसर दिया जाए।
इधर, प्रशासन का कहना है कि चक्काजाम के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी गई थी। बस्तरिया राज मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा। अब युवाओं की नजर प्रशासन और शासन के अगले कदम पर टिकी है।




