Raigarh News : घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव को लेकर अदाणी पावर ने दी सफाई, कहा- सभी अनुमतियों और पर्यावरणीय नियमों का हो रहा पालन

रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अदाणी पावर लिमिटेड ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। कंपनी ने दावा किया है कि फ्लाई ऐश भराव का कार्य सभी आवश्यक प्रशासनिक और पर्यावरणीय अनुमतियां प्राप्त करने के बाद निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। कंपनी ने नियमों के उल्लंघन संबंधी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और किसानों की भूमि की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
बड़े भंडार स्थित अदाणी पावर लिमिटेड के अनुसार, ग्राम घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव शुरू करने से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गई थीं। कंपनी का कहना है कि कार्य के प्रत्येक चरण में निर्धारित पर्यावरणीय मानकों और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। अनुमति और कार्यप्रणाली को लेकर सामने आ रही कुछ जानकारियों को कंपनी ने भ्रामक बताया है।
अदाणी पावर ने आशंका जताई है कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व गलत जानकारियां फैलाकर अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं। कंपनी ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि इसके पीछे दबाव बनाकर अवैध वसूली करने की मंशा हो सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस संबंध में किसी व्यक्ति या संगठन का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
कंपनी के मुताबिक, घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव कार्य की शुरुआत में केवल आवागमन के लिए रास्ता तैयार किया गया था। इसी दौरान प्राकृतिक आपदा के कारण कार्य प्रभावित हुआ, जिसके चलते आगे की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद पर्यावरण विभाग की टीम ने स्थल का दोबारा निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अदाणी पावर का कहना है कि निरीक्षण के दौरान मिले सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। शेष फ्लाई ऐश भराव कार्य भी विभागीय शर्तों और निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाएगा।
किसानों की जमीन की सुरक्षा को लेकर कंपनी ने स्पष्ट किया कि भराव स्थल के चारों ओर मजबूत मेड़ बनाई गई है, ताकि फ्लाई ऐश आसपास के खेतों तक नहीं पहुंच सके। कंपनी का दावा है कि अब तक किसी भी किसान के खेत में फ्लाई ऐश नहीं पहुंचा है। कंपनी के अनुसार, स्थल निरीक्षण के दौरान भी इसकी पुष्टि हुई है।
अदाणी पावर ने कहा कि वह पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ स्थानीय नागरिकों और किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने संबंधित पक्षों से अपील की है कि फ्लाई ऐश भराव को लेकर कोई भी जानकारी सार्वजनिक करने से पहले अनुमति संबंधी दस्तावेजों, पर्यावरण विभाग के निर्देशों और स्थल की वास्तविक स्थिति की जांच अवश्य की जाए।
कंपनी ने दोहराया कि ग्राम घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव का कार्य वैधानिक अनुमतियों और विभागीय निगरानी में किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।



