Chhattisgarh

बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से 11वीं की छात्रा की मौत, ट्यूशन से घर लौटते समय हुआ हादसा

बिलासपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मृतका की पहचान जान्हवी सी. भूषण (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एलसीआईटी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, जान्हवी ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बोदरी मोड़ के पास ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद घायल छात्रा को उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को यू-टर्न लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश तेज कर दी है। वहीं, छात्रा की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button