Chhattisgarh

रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी से 1.88 करोड़ की ठगी, नगर निगम कर्मचारी बनकर महिला ने हड़पे सोने-चांदी और हीरे के जेवर, गिरफ्तार

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी से 1.88 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नगर निगम के आवास विभाग में कर्मचारी होने का झांसा देकर दो महिलाओं ने कारोबारी का विश्वास जीता और सोने, चांदी व हीरे के कीमती आभूषण लेकर भुगतान के नाम पर चेक थमा दिए। मामले में पुलिस ने आरोपी किरण साहू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी साथी फरार है।

पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। 24 अगस्त को किरण साहू अपनी साथी के साथ दुकान पहुंची और करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट, 7 लाख रुपये नकद और शेष 15 लाख रुपये का चेक दिया। इसके बाद 26 अगस्त को दोनों महिलाएं दोबारा पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के आभूषण लेकर भुगतान के लिए दूसरा चेक सौंप दिया।

कारोबारी ने जब 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, तो गलत हस्ताक्षर के कारण वह बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी महिला भुगतान करने में टालमटोल करने लगी। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए किरण साहू (28 वर्ष), निवासी मजदूर नगर सरोरा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपनी साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आभूषणों की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है और फरार महिला की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button