Chhattisgarh

SECL में Working Professionals B.Tech./M.Tech. को उच्च शिक्षा गाइडलाइन में शामिल करने की मांग

कोरबा/अंबिकापुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के सुरगुजा, बिश्रामपुर एवं भटगांव क्षेत्रों में कार्यरत गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को उच्च तकनीकी शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से SECL की उच्च शिक्षा संबंधी गाइडलाइन्स में AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) पाठ्यक्रम को शामिल करने की मांग की गई है। इस संबंध में SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र भेजकर पात्र कर्मचारियों को पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए NOC प्रदान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।

वी. एम. मनोहर द्वारा भेजे गए पत्र में SECL पत्र क्रमांक SECL/BSP/HR/NEE/2026/35 दिनांक 5 मार्च 2026 का संदर्भ देते हुए बताया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (GEC), अंबिकापुर में AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम नौकरी के साथ तकनीकी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

पत्र के अनुसार, उक्त पाठ्यक्रम AICTE के प्रावधानों एवं Revised Guidelines 2024 के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। इसकी कक्षाएं Regular Mode (Evening) में ऑफलाइन आयोजित होती हैं और यह Distance Learning अथवा Open Learning कार्यक्रम नहीं है। कक्षाएं शाम 4.05 बजे से रात 9.35 बजे तक संचालित होने के कारण कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी के बाद अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होती है।

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में SECL की उच्च शिक्षा संबंधी गाइडलाइन्स में मुख्य रूप से Distance/Open Learning पाठ्यक्रमों का उल्लेख है। ऐसे में नवीन AICTE अनुमोदित Working Professionals कार्यक्रम को स्पष्ट रूप से गाइडलाइन्स में शामिल नहीं किए जाने के कारण क्षेत्रीय स्तर पर गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को NOC प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है।

इस मामले में अधिकारियों और गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के बीच समान अवसर दिए जाने की मांग की गई है। पत्र में उल्लेख है कि इसी प्रकार के B.Tech./M.Tech. Working Professionals पाठ्यक्रम के लिए SECL में कार्यरत अधिकारियों को NOC प्रदान किया जा चुका है, जबकि गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को वर्तमान गाइडलाइन्स का हवाला देकर NOC नहीं दिया जा रहा है। इसे दूर करने की आवश्यकता जताई गई है।

इसके अलावा Coal India की अन्य सहायक कंपनियों में Regular Evening/Weekend Mode में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों को NOC दिए जाने का उल्लेख करते हुए SECL में भी समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पत्र में SECL की Higher Education Guidelines में AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. (Working Professionals) कार्यक्रम को शामिल करने, पात्र गैर-कार्यकारी कर्मचारियों को NOC प्रदान करने और संबंधित क्षेत्रीय एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।

साथ ही SECL और GEC अंबिकापुर के बीच MoU अथवा अन्य उपयुक्त शैक्षणिक व्यवस्था की संभावनाओं पर विचार करने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिलने से कौशल उन्नयन, कर्मचारी विकास और व्यावसायिक प्रगति को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के Continuing Education के उद्देश्यों के अनुरूप भी होगा।

मांग की गई है कि मामले का उचित स्तर पर परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक निर्णय लिया जाए, ताकि पात्र गैर-कार्यकारी कर्मचारी AICTE अनुमोदित B.Tech./M.Tech. Working Professionals कार्यक्रम में प्रवेश के अवसर से वंचित न हों।

Related Articles

Back to top button