जांजगीर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, टीवी और होम थिएटर सहित सामान बरामद

जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। जांजगीर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर टीवी, होम थिएटर, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्या नगर जांजगीर निवासी मोंगरा बाई ने थाना जांजगीर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं और बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान में आती-जाती रहती हैं। 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने पुत्र के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं।
23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह वापस लौटीं तो मकान के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखने पर टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा मकान का ताला और कुंडी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संतोष कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए टीवी, होम थिएटर सहित अन्य सामान और मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में एसआई दिलीप सिंह, पीएसआई दिव्या सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह एवं थाना जांजगीर के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



