Chhattisgarh

युवा शक्ति अभियान : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास से साइबर सुरक्षा तक विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

पेंड्रा, 08 अक्टूबर 2026। शक्ति महिला विज्ञान भारती समिति, रायपुर के तत्वावधान में 6 अक्टूबर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागांव, विकासखंड पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में युवा शक्ति अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने की। अभियान के तहत विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और तनाव प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने उपयोगी जानकारी दी।

कार्यक्रम में शक्ति महिला विज्ञान भारती रायपुर की उपाध्यक्ष, रामकृष्ण शिक्षण संस्थान की डायरेक्टर एवं युवा शक्ति अभियान की संयोजिका डॉ. अरुणा चौबे, कोषाध्यक्ष एवं एमएलसी कॉलेज कोरबा की डायरेक्टर डॉ. साधना शर्मा, जॉइंट सेक्रेटरी एवं पर्यावरण शिक्षा व करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ तथा टॉपर्स एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्ष समीना खान और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा के व्याख्याता हरिशंकर शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की स्थानीय संयोजिका शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा की प्राचार्य एवं शक्ति महिला विज्ञान भारती की सदस्य मोनिका जैन रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। डॉ. अरुणा चौबे ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व एवं व्यवहार विकास के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए सकारात्मक गुणों को अपनाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और कमजोरियों को अपनी ताकत में बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉ. साधना शर्मा ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन खतरों की पहचान करने के तरीके बताए। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के लिए सावधानी बरतने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की आवश्यकता समझाई। इस दौरान विद्यार्थियों से प्रश्नावली भी हल करवाई गई, जिससे उनकी सहभागिता बढ़ी।

समीना खान ने करियर मार्गदर्शन के दौरान विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप भविष्य के क्षेत्र का चयन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि करियर को लेकर सही निर्णय समय रहते लेना जरूरी है और लक्ष्य निर्धारित कर उसकी तैयारी प्रारंभिक स्तर से ही शुरू करनी चाहिए।

व्याख्याता हरिशंकर शर्मा ने पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को परिवार या विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करने के महत्व के बारे में बताया।

कार्यक्रम की संयोजिका मोनिका जैन ने तनाव प्रबंधन विषय पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने तनाव के प्रमुख कारणों, उससे निपटने के उपायों और परीक्षा के समय तनावमुक्त रहने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ पर्याप्त आराम, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पूरे सत्र के दौरान सक्रिय सहभागिता निभाई और विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। समापन अवसर पर संस्था के प्राचार्य एस.के. जैन ने सभी अतिथियों एवं मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य निर्माण के लिए इस तरह के जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं।

युवा शक्ति अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, साइबर जागरूकता, करियर नियोजन, स्वास्थ्य, पोषण और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिली। उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक रहा।

Related Articles

Back to top button