Chhattisgarh

Raipur Crime: 12 किलो गांजा के साथ मुंबई की महिला तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त

रायपुर, 24 नवंबर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 12 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष) निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर महिला की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे और मुंबई, महाराष्ट्र की निवासी होना बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे अलग-अलग बैग से कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 730/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में गांजा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button