चांपा रेलवे स्टेशन के पास चोरी हुई बाइक बरामद, रायगढ़ का आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 28 सितम्बर । जिले में चोरी के मामले में चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर रायगढ़ जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुशील देवांगन (43), निवासी बोईरदादर, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिवनी थाना चांपा निवासी संतराम राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 सितंबर 2026 को किसान वस्त्रालय के सामने रेलवे स्टेशन चांपा के पास खड़ी उसकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG12-AT-4860 चोरी हो गई। चोरी गई बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी और चोरी गए वाहन की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में थाना सक्ती पुलिस से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुशील देवांगन को पकड़ा। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल को छिपाकर रखने और उसे बेचने की फिराक में था। सक्ती पुलिस ने मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर अपने कब्जे में लिया।
इसके बाद आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त कर आरोपी को उप जेल सक्ती से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से थाना चांपा लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद चांपा पुलिस ने आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी कर मामले में वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चोरी हुई मोटरसाइकिल की बरामदगी के साथ पुलिस ने मामले में आरोपी की पहचान कर उसे कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला दिया है।




