Chhattisgarh

कुंगारपाल में वन मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सुनी ‘मन की बात’ का 138वां संस्करण

रायपुर, 27 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का प्रसारण रविवार को बस्तर जिले के जनपद पंचायत बस्तर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंगारपाल में उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ सुना गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। वन मंत्री के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

ग्राम पंचायत कुंगारपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में ‘मन की बात’ को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर साझा किए गए विचारों को ग्रामीणों ने ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने देश के विभिन्न हिस्सों में समाज और समुदाय के स्तर पर हो रहे उल्लेखनीय कार्यों एवं सकारात्मक बदलावों की जानकारी प्राप्त की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्रामीणों के साथ बैठकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की महत्ता और जनभागीदारी के महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लोगों के प्रयासों, उपलब्धियों और सामाजिक कार्यों को सामने लाने का अवसर मिलता है। इससे आम लोगों को प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल तथा जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना और इसमें साझा किए गए संदेशों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button