Chhattisgarh

रायपुर में गणेश झांकी को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन: 28 सितंबर को शाम 6 बजे से कई मार्ग बंद, जानें वैकल्पिक रास्ते और पार्किंग व्यवस्था

रायपुर, 27 सितम्बर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर 2026 को गणेश झांकी चल समारोह का आयोजन किया जाएगा। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में यातायात डायवर्जन और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी की है। झांकी मार्ग पर 28 सितंबर की शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल झांकी में शामिल वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।

गणेश झांकी चल समारोह शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगा। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक कार्य होने पर प्रतिबंधित मार्गों के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। वहीं फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा।

तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन अथवा कालीबाड़ी होकर जा सकेंगे। पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन तक आवागमन कर सकेंगे।

झांकी के दौरान शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पंडरी की ओर से आने वाले लोग मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे। सिविल लाइन की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले लोग सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे।

गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वाले श्रद्धालु भैंसथान मैदान तथा जवाहर मार्केट पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले लोगों के लिए लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 28 सितंबर को शाम 6 बजे से झांकी चल समारोह समाप्त होने तक निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करें, ताकि गणेश झांकी में शामिल श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों की आवाजाही भी सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

Related Articles

Back to top button