Chhattisgarh

नमो सेवा गाथा के तहत विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेश

  • शासकीय योजनाओं की दी जानकारी, अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ लेने के लिए किया प्रेरित

जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधि के तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। शासकीय इन्द्रजीत सिंह महाविद्यालय अकलतरा, शासकीय नवीन महाविद्यालय पामगढ़, शासकीय लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय खरौद, शासकीय महाविद्यालय बलौदा, शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर कॉलेज जांजगीर, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, शासकीय नवीन महाविद्यालय केरा, शासकीय नवीन महाविद्यालय बिर्रा, शासकीय एमएमआर महाविद्यालय चांपा और शासकीय नवीन महाविद्यालय सारागांव के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपने अभिनय, संवाद और रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, स्वच्छता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई।

नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और उनसे मिलने वाले लाभों को सहज एवं बोलचाल की भाषा में प्रस्तुत किया गया, जिससे लोगों के लिए योजनाओं को समझना आसान रहा। विद्यार्थियों ने नागरिकों को संदेश दिया कि पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका लाभ उठाएं। साथ ही परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। विद्यार्थियों की प्रभावी प्रस्तुति ने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संदेश को रोचक तरीके से नागरिकों तक पहुंचाया।


‘नमो सेवा गाथा’ के तहत आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ही शासकीय योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता को जनहित के संदेश से जोड़ते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button