Chhattisgarh

बांगो बांध से 2 जलद्वार बंद, अब 7 गेट से छोड़ा जा रहा अतिरिक्त पानी; दर्री बांध के भी 4 गेट खुले

कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के बाद जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बांध के दो जलद्वार बंद कर दिए हैं। अब बांगो बांध के 7 जलद्वारों के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। वहीं, दर्री बांध के 4 गेट भी खोले गए हैं।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एसके भारती के अनुसार 19 अगस्त 2026 को शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे के बीच बांध में पानी की आवक कम रही। इस दौरान तीन घंटे में बांध के जलस्तर में करीब 3 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जलद्वारों की कुल ओपनिंग 6.00 मीटर से घटाकर 5.00 मीटर कर दी गई है।

शाम 7:30 बजे की स्थिति में मिनीमाता हसदेव बांगो बांध का जलस्तर 358.24 मीटर दर्ज किया गया, जो बांध की 91.54 प्रतिशत जलभराव क्षमता के बराबर है। इस समय बांध में पानी का इनफ्लो 23,732 क्यूसेक और आउटफ्लो 35,807 क्यूसेक दर्ज किया गया।

वर्तमान में बांगो बांध से अतिरिक्त पानी की निकासी 7 जलद्वारों और पावर हाउस के माध्यम से की जा रही है। जल संसाधन विभाग द्वारा बांध के जलस्तर, पानी की आवक और निकासी की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग परिस्थितियों के अनुसार जलद्वारों के संचालन में आवश्यक बदलाव कर रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक पानी की आवक और जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे जलद्वारों की संख्या और उनकी ओपनिंग को लेकर निर्णय लिया जाएगा। वहीं दर्री बांध से भी 4 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button