रायपुर की सड़कों पर उमड़ा राष्ट्रभक्ति का महासैलाब; CM विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्रियों संग तिरंगा यात्रा में गूंजा विधायक अनुज शर्मा का राष्ट्रघोष

तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान की अमर गाथा, पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्वगुरु बनाने का लें संकल्प: अनुज शर्मा
रायपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज राजधानी रायपुर में एक विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति से सराबोर यह यात्रा सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए सुभाष स्टेडियम तक पहुंची। इस भव्य आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, धरसीवाँ विधायक श्री अनुज शर्मा सहित विभिन्न मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और हजारों की संख्या में आम नागरिक हाथों में तिरंगा थामे पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति का महान अनुष्ठान: मुख्यमंत्री
इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर यह तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी। पूरी यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से राजधानी का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा, “तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का एक महान अनुष्ठान है। यह हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है।” उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर शान से तिरंगा फहराने की अपील की।
तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक: विधायक अनुज शर्मा
यात्रा के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए धरसीवाँ विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा, “तिरंगा केवल एक कपड़ा या झंडा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों के बलिदान की अमर गाथा है। आज की यह तिरंगा यात्रा इस बात का उद्घोष है कि हमारा भारत एक नए युग, नए आत्मविश्वास और अजेय शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है।” तिरंगे के रंगों की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा, “केसरिया हमें वीरता, सफेद शांति और हरा रंग हमारी खुशहाली को दर्शाता है। बीच का अशोक चक्र याद दिलाता है कि भारत न कभी रुका है, न कभी झुका है। जब कोई नागरिक हाथ में तिरंगा लेकर सड़क पर निकलता है, तो केवल एक झंडा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का स्वाभिमान और गर्व लहराता है।”
देश को विश्वगुरु बनाने का लें संकल्प, ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का दिया संदेश
विधायक अनुज शर्मा ने आगे कहा, “आज हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत जिस तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से काम करके देश के विकास में अपना योगदान देंगे।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सीमा पर देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए सभी नागरिकों से अपने घरों और संस्थानों पर तिरंगे का पूर्ण सम्मान करते हुए इसे फहराने का आग्रह किया।
उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा, “आइए, आज इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में हम सब मिलकर शपथ लें कि हम देश की एकता और अखंडता की रक्षा करेंगे, ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के भाव को दिल में जगाए रखेंगे और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को पूरा करने में जी-जान लगा देंगे।” अंत में उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।




