ChhattisgarhSports

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए रायपुर में ट्रायल शुरू, 6 टीमों के लिए 108 खिलाड़ियों का होगा चयन

Chhattisgarh Hockey League 2026: प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए खिलाड़ियों का सलेक्शन ट्रायल सोमवार से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हो गया। 28 और 29 सितंबर को होने वाले ट्रायल के लिए करीब 400 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 108 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों के चयन और ट्रायल के समन्वय के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुने गए खिलाड़ियों से लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें तैयार की जाएंगी। इन टीमों के नाम राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स हैं।

21 अक्टूबर से शुरू होगी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। लीग को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी है। प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। मुकाबलों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया की ओर से की जाएगी।

9 दिन का विशेष ट्रेनिंग कैंप
चयनित खिलाड़ियों के लिए 9 दिन का विशेष प्रशिक्षण कैंप भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को लीग के मुकाबलों से पहले बेहतर तैयारी का मौका देना है। खास बात यह है कि स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह और सुरेंदर कुमार सहित भारतीय हॉकी से जुड़े अन्य खिलाड़ी भी लीग का हिस्सा होंगे। जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि के नाम भी घोषित किए गए हैं।

लोकल खिलाड़ियों के लिए कितना बड़ा मौका?
लीग में बड़े और अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी के साथ सबसे अहम पहलू प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों को मिलने वाला अवसर है। 108 स्थानीय खिलाड़ियों को चयन के बाद प्रोफेशनल माहौल में खेलने, हाई-इंटेंसिटी मुकाबलों का अनुभव लेने और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। खेल विशेषज्ञों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि लीग स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए कितना मंच दे पाती है। यदि प्रतियोगिता नियमित रूप से आयोजित होती है और इसके जरिए खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया के राष्ट्रीय टूर्नामेंटों तथा उच्च स्तरीय चयन शिविरों तक पहुंचने का अवसर मिलता है, तो यह प्रदेश में हॉकी के लिए एक मजबूत टैलेंट पाइपलाइन तैयार करने में मदद कर सकती है।

लोगो और शुभंकर में छत्तीसगढ़ की झलक
लीग के लोगो में छत्तीसगढ़ का नक्शा शामिल किया गया है। इसमें केसरिया और हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति का प्रतीक है। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ पर आधारित है। इसे छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक बताया गया है। मैचों के दौरान रोजाना विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए लीग के सभी मुकाबलों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। छह टीमों के स्पॉन्सरों को लेकर बैठकें जारी लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों के स्पॉन्सरों को लेकर भी बैठकों का दौर जारी है। टीमों के प्रायोजन और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जा रही है। वहीं, सलेक्शन ट्रायल पूरा होने के बाद खिलाड़ियों की टीमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button