Chhattisgarh

जापानी निवेशकों के रडार पर छत्तीसगढ़, JETRO की वेबसाइट पर दिखी राज्य की निवेश संभावनाएं

रायपुर। जापान के साथ छत्तीसगढ़ की आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JETRO) ने अपनी वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और औद्योगिक अवसरों से जुड़ी जानकारी को स्थान दिया है। इससे भारत में निवेश के अवसर तलाश रही जापानी कंपनियों तक छत्तीसगढ़ की औद्योगिक अधोसंरचना, उपलब्ध भूमि और निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी पहुंचने का रास्ता खुला है।

यह पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगस्त 2025 में जापान और दक्षिण कोरिया की निवेश यात्रा के दौरान स्थापित संपर्कों और उसके बाद राज्य सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री की जापान यात्रा के दौरान JETRO के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने और जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई थी।

JETRO प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर में देखी औद्योगिक सुविधाएं

इसी क्रम में JETRO के प्रतिनिधिमंडल ने 28 और 29 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण कर राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अधोसंरचना और निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-22 स्थित 120 एकड़ में विकसित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का निरीक्षण किया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) से अनुमोदित इस क्लस्टर में प्लग-एंड-प्ले फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां Rezute Electronics, Arham Technologies, Amrit Meditech और Paripath Technologies जैसी इकाइयों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई।

इसके अलावा JETRO प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-22 स्थित फार्मास्युटिकल पार्क, सेक्टर-5 के रेडीमेड गारमेंट पार्क और मिक्स्ड-यूज इंडस्ट्रियल पार्क का भी अवलोकन किया। सेक्टर-22 के टेक्सटाइल पार्क में वस्त्र एवं परिधान निर्माण के लिए विकसित सुविधाओं की जानकारी ली गई। प्रतिनिधिमंडल ने Aspire Pharma के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया।

जापानी कंपनियों के लिए निवेश के अवसरों पर चर्चा

औद्योगिक क्षेत्रों के साथ प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर में उपलब्ध आवासीय क्षेत्रों, स्वास्थ्य, रिटेल और अन्य सामाजिक अधोसंरचनाओं की भी जानकारी ली। ये सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उनके कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।

JETRO प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार से मुलाकात कर राज्य की औद्योगिक नीति, विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं और जापानी कंपनियों के लिए निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), छत्तीसगढ़ चैप्टर के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर राज्य के औद्योगिक परिदृश्य की जानकारी ली।

लगातार संवाद के बाद JETRO की वेबसाइट पर छत्तीसगढ़

प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने JETRO के साथ वर्चुअल बैठकों और पत्राचार के जरिए संपर्क बनाए रखा। इस दौरान राज्य के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि और नीतिगत प्रोत्साहनों से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।

निरंतर संवाद के परिणामस्वरूप JETRO ने अपनी वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ की निवेश प्रोफाइल और औद्योगिक अवसरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई है। इससे JETRO के नेटवर्क से जुड़ी जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं के बारे में सीधे जानकारी मिल सकेगी।

राज्य सरकार अब JETRO के सहयोग से जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ेगी। जापान के साथ बढ़ता आर्थिक संवाद राज्य की वैश्विक निवेश पहुंच को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का फोकस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित संपर्कों को निरंतर संवाद, निवेश सुविधा और प्रभावी फॉलो-अप के जरिए दीर्घकालीन औद्योगिक साझेदारी में बदलने पर है।

Related Articles

Back to top button