MP NEWS में स्कूल हादसा: छज्जे का प्लास्टर गिरने से चार बच्चे घायल, मचा हड़कंप

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के विकासखंड सोहावल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला डफाई फुटौंदी में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में प्लास्टर की चपेट में आने से चार बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चे रोज की तरह पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। अचानक हुए हादसे से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्लास्टर की चपेट में आने से चार बच्चों को चोटें आईं, घटना के बाद स्कूल में मौजूद लोगों ने तत्काल घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई।
स्कूल भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक गिरने की घटना ने भवन की जर्जर हालत और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ा सवाल यह है कि यदि समय रहते स्कूल भवन की जांच और मरम्मत कराई जाती, तो क्या इस हादसे को टाला जा सकता था? जन शिक्षा केंद्र बाबूपुर के अंतर्गत आने वाले स्कूल में हुए इस हादसे के बाद अब जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों द्वारा स्कूल भवन की स्थिति की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।




