Madhyapradesh

राजा रघुवंशी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष, मां का पलटवार- ‘वही है पूरे मर्डर की मास्टरमाइंड’

इंदौर। देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दाखिल कर खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। सोनम का दावा है कि उसे इस मामले में साजिश के तहत फंसाया गया है और वह जांच से लेकर ट्रायल तक हर स्तर पर जांच एजेंसियों का सहयोग कर रही है। अब इस मामले में सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट पर हैं, जहां उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड अब सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच गया है। पिछली सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया था कि मामले में अभी 94 गवाहों के बयान दर्ज होना बाकी हैं और ट्रायल की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई 9 जुलाई के लिए निर्धारित की थी। सुनवाई से पहले सोनम रघुवंशी ने अदालत में जवाबी हलफनामा दाखिल कर कहा है कि वह निर्दोष है और उसे झूठे आरोपों में फंसाया गया है। सोनम का कहना है कि उसने जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया है और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

वहीं, दूसरी ओर राजा रघुवंशी का परिवार लगातार सोनम के दावों का विरोध कर रहा है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने सोनम के हलफनामे को पूरी तरह खारिज करते हुए उसे पूरे षड्यंत्र की मास्टरमाइंड बताया। उनका कहना है कि यदि सोनम वास्तव में निर्दोष होती, तो वह राजा को कथित साजिश और आरोपियों से सावधान करती। उन्होंने कहा कि राजा आरोपियों को जानता तक नहीं था, इसलिए सोनम का खुद को बेगुनाह बताना स्वीकार्य नहीं है। उमा रघुवंशी ने मामले में सुनवाई की गति पर भी नाराजगी जताई और कहा कि परिवार अब भी न्याय का इंतजार कर रहा है। अब इस बहुचर्चित मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और जमानत याचिका पर आने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button