जांजगीर में बिजली समस्या को लेकर नागरिक मंच ने अधीक्षण यंत्री से की मुलाकात, फ्यूज कॉल व्यवस्था सुधारने और पेड़ों की छंटाई की उठाई मांग

जांजगीर, 6 जुलाई 2026। लगातार बारिश के बीच जांजगीर शहर में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और फ्यूज कॉल व्यवस्था में आ रही परेशानियों को लेकर नागरिक मंच का प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहरवासियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखींप्रतिनिधिमंडल
ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में बिजली की निर्बाध आपूर्ति प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के दौरान बिजली गुल होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। वहीं फ्यूज कॉल व्यवस्था भी लोगों को समय पर राहत नहीं दिला पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को वर्तमान स्थिति और तकनीकी कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि बारिश और अन्य कारणों से कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया।बैठक के दौरान फ्यूज कॉल व्यवस्था संभाल रही ठेका कंपनी के प्रतिनिधि से भी चर्चा की गई। ठेकेदार ने शिकायतों के त्वरित निराकरण और सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की समय पर छंटाई कराई जाए, क्योंकि शाखाएं तारों से टकराने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसके अलावा फ्यूज कॉल में मिलने वाली शिकायतों पर जवाबदेही तय करने, संबंधित ठेका कंपनी के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा शहर के जिम्मेदार अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।नागरिक मंच ने उम्मीद जताई कि विद्युत वितरण कंपनी जल्द ही आवश्यक कदम उठाकर शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार करेगी, जिससे बारिश के मौसम में उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।प्रतिनिधिमंडल में प्रशांत सिंह ठाकुर, अनुराग तिवारी, पंकज अग्रवाल और अनिल शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




