Chhattisgarh

CG ब्रेकिंग: राजपुर थाने में पदस्थ आरक्षक की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बलरामपुर-रामानुजगंज, 28 जून। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना में पदस्थ एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने गया था, लेकिन शनिवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर साथी पुलिसकर्मियों ने कमरे में जाकर देखा तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक आरक्षक की पहचान जुगन साय पैकरा (40 वर्ष), पिता करम साय पैकरा, निवासी भफौली, थाना राजपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी पूरी करने के बाद थाना भवन की ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में आराम करने चला गया था। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे उसने साथी वाहन चालक आरक्षक दिलीप यादव को फोन कर पीने के लिए पानी मंगाया था। चालक ने कमरे में पानी पहुंचाया और वापस लौट गया।

सुबह करीब 10 बजे तक जब आरक्षक जुगन साय पैकरा अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो प्रधान आरक्षक अनिल पैकरा उसे बुलाने पहुंचे। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने कमरे में जाकर देखा। आरक्षक बिस्तर पर पड़ा हुआ था और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद तत्काल थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह को सूचना दी गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक पिछले कुछ दिनों से बुखार और पीलिया से पीड़ित था तथा उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर दोबारा ड्यूटी पर लौटा था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि जुगन साय पैकरा सितंबर 2024 से राजपुर थाना में पदस्थ था। उसकी अचानक हुई मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

आरक्षक की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में मातम छा गया। वहीं, थाना स्टाफ और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button