Chhattisgarh

दीपका के वार्ड क्रमांक 10 में गहराया जल संकट, आक्रोशित जनता ने दी नगर पालिका घेराव की चेतावनी

दीपका। नगर पालिका परिषद् दीपका के वार्ड क्रमांक 10 (तीड़के गली) के निवासी पिछले लंबे समय से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में लगातार बने भीषण जल संकट के कारण स्थानीय जनता बेहद परेशान है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को लेकर गंभीर हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे अपनी इस बुनियादी मांग को लेकर कई बार प्रशासन के अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। वार्ड में पानी की सप्लाई के लिए एक सिंटैक्स (पानी की टंकी) तो रखवा दिया गया है, लेकिन वह सिर्फ दिखावे की वस्तु बनकर रह गया है। उसमें कभी पानी नहीं रहता और न ही उसे किसी बोर से जोड़ा गया है।

सुशासन तिहार की मांग पर भी नहीं हुई सुनवाई
वार्ड वासियों ने बताया कि उन्होंने ‘सुशासन तिहार’ के दौरान भी शासन के समक्ष अपनी व्यथा रखी थी और नया बोर खनन कराने की मांग की थी। परंतु इतने दिन बीत जाने के बाद भी उस आवेदन पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। प्रशासन के इस उदासीन रवैये से जनता में भारी रोष है।

आंदोलन की चेतावनी
वार्ड की महिलाओं का कहना है कि बिना पानी के दैनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो चुके हैं। यदि दीपका नगर पालिका प्रशासन ने जल्द ही तीड़के गली में नियमित जल आपूर्ति और बोर कनेक्शन की व्यवस्था नहीं की, तो पीड़ित जनता उग्र कदम उठाने को मजबूर होगी। वार्ड वासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का त्वरित समाधान न होने पर वे जल्द ही नगर पालिका कार्यालय का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button