Chhattisgarh

कोल इंडिया के Executive Cadre कर्मचारियों को पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर का तोहफा, पहली किस्त 10 अक्टूबर तक

कोरबा, 05 अक्टूबर। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत Executive Cadre कर्मचारियों के लिए पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। कोल इंडिया के पॉलिसी सेल ने 4 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में पे-स्केल अपग्रेडेशन से संबंधित एरियर की पहली किस्त जारी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार कर्मचारियों को देय एरियर का भुगतान तीन किस्तों में किया जाएगा। पहली और दूसरी किस्त में 40-40 प्रतिशत, जबकि तीसरी और अंतिम किस्त में शेष 20 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाएगा।

कोल इंडिया के निर्देश के मुताबिक ऑन-रोल Executive Cadre कर्मचारियों को एरियर की पहली किस्त 10 अक्टूबर 2026 तक जारी करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, संबंधित अनुषंगी कंपनी में उपलब्ध फंड के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी। यदि किसी कंपनी के पास पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण 10 अक्टूबर तक पहली किस्त का भुगतान नहीं हो पाता है, तो आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हर स्थिति में पहली किस्त का भुगतान 31 अक्टूबर 2026 से पहले कर दिया जाए।

यह एरियर 23 अगस्त 2023 से प्रभावी पे-स्केल अपग्रेडेशन के आधार पर कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय लाभ से संबंधित है। कोल इंडिया बोर्ड की 23 अगस्त 2023 को आयोजित 457वीं बैठक में पे-स्केल अपग्रेडेशन से संबंधित निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के आधार पर अब लंबित एरियर के भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।

कोल इंडिया मुख्यालय के अलावा यह आदेश उसकी प्रमुख अनुषंगी कंपनियों ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL), साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL), नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL), वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL), महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) तथा सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (CMPDIL) के Executive Establishment से जुड़े अधिकारियों पर लागू होगा।

वहीं, कंपनी से अलग हो चुके यानी Separated Employees के पे-स्केल अपग्रेडेशन एरियर के भुगतान को लेकर भी आदेश में स्थिति स्पष्ट की गई है। ऐसे कर्मचारियों के एरियर का भुगतान संबंधित मामलों में ऑडिट प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा। इस आदेश के बाद कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत Executive Cadre कर्मचारियों के बीच एरियर भुगतान को लेकर बनी प्रतीक्षा खत्म होने की उम्मीद बढ़ गई है। तीन किस्तों में होने वाले इस भुगतान से कर्मचारियों को पे-स्केल अपग्रेडेशन का लंबित वित्तीय लाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button