Chhattisgarh

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास का दो साल से फरार आरोपी सन्नी सरदार गिरफ्तार, तीन साथी पहले ही पा चुके हैं 10-10 साल की सजा

रायगढ़, 12 जून। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार, मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है और रायगढ़ में रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था। यह आरोपी वर्ष 2024 में हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था। मामले में शामिल उसके तीन अन्य साथी राजवीर सिंह, जसदेव सिंह उर्फ जस्सू कंग और राज बरेठ को पहले ही न्यायालय द्वारा दोषी करार देते हुए 30 अक्टूबर 2025 को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।

घटना 7 दिसंबर 2024 की रात की है। साहिल ठाकुर अपने दोस्तों अनुज गुप्ता, आकिब खान और संगम देहरी के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के सामने आग ताप रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में साहिल ठाकुर के सिर, चेहरे, हाथ-पैर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। उसका एक दांत टूट गया और जबड़ा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह ठाकुर पर भी आरोपियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद साहिल ठाकुर को जिला अस्पताल रायगढ़ से मेडिकल कॉलेज, जिंदल अस्पताल और अपेक्स अस्पताल होते हुए रायपुर के बालाजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार किया गया। अमन सिंह ठाकुर की शिकायत पर सिटी कोतवाली रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, सादी मिट्टी और घायल का खून से सना फटा हुआ हुडी जब्त किया था। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, बांस का डंडा, लोहे की रॉड और स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई थी।

पुलिस विवेचना के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जहां उन्हें हत्या के प्रयास के अपराध में दोषी पाते हुए 10-10 साल की सजा सुनाई गई। हालांकि मुख्य आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसके खिलाफ फरारी में चालान भी पेश किया गया था।

थाना कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। हाल ही में मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा और ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर और कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button