Chhattisgarh

माटी के दीयों में सजेगा जनभावनाओं का उजाला : कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने खरीदे मिट्टी के दीये, 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील

कोरबा, 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान, आभार और स्नेह व्यक्त करने के उद्देश्य से 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इस जनअभियान को लेकर कोरबा में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को दर्री मुख्य मार्ग पहुंचकर मिट्टी के दीये खरीदे और जिलेवासियों से भी इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

मिट्टी के दीये खरीदते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि माटी का यह छोटा-सा दीपक केवल रोशनी का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें करोड़ों देशवासियों की भावनाएं, विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में नई गति हासिल की है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे जब कोरबा सहित देशभर के घर-आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित होगा, तो हजारों-लाखों दीपक मिलकर जनभावनाओं के एक बड़े प्रकाश में बदल जाएंगे। यह दीपक सेवा, सुशासन, विश्वास और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आम नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने स्नेह और उनके दीर्घ सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त कर सकते हैं।

उन्होंने कोरबा के नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में एक दीया जरूर जलाएं। यह दीया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आपके स्नेह, उनके 25 वर्षों के सेवा समर्पण के लिए आपके आभार और विकसित भारत के संकल्प के प्रति आपके विश्वास का प्रतीक बने।”

मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही सेवा और संकल्प की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कोरबा जिले के नागरिकों से बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर इस अभियान को यादगार बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, तुलसी ठाकुर, पार्षद मुकुंद कंवर, भूपेंद्र साहू, भुवनेश्वर दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button