Chhattisgarh

रतनपुर में अशांति फैलाने वालों पर पुलिस का एक्शन, चाकू दिखाकर लोगों को धमकाने वाला गिरफ्तार; अड्डाबाजी कर रहे 7 बदमाशों पर भी कार्रवाई

बिलासपुर/रतनपुर, 15 सितम्बर। रतनपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई की। ओछिनापारा में धारदार चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने चाकू समेत गिरफ्तार किया। वहीं दर्रीपारा रतनपुर में नशा और अड्डाबाजी करते पाए गए सात बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना मिली थी कि ओछिनापारा इलाके में एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राह चलने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम ने ओछिनापारा पहुंचकर घेराबंदी की और चाकू दिखाकर लोगों में भय पैदा कर रहे सुरज माण्डवा (28) निवासी ओछिनापारा रतनपुर को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इसी दिन थाना रतनपुर पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान दर्रीपारा रतनपुर चौक में कुछ युवक नशा और अड्डाबाजी करते मिले। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए विवेक सिंह (29), गिरीश साहू (27), सूर्यकांत कोशले (28), दीपेश कोशले (26), अरविंद डगर्जी (27), शिवम माण्डवा (27) और छोटू उर्फ भोलू माण्डवा (28) को पकड़कर थाने लाया। सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें तहसील न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डाबाजी, भय पैदा करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू यादव, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे तथा आरक्षक कीर्ति पैकरा, राजेन्द्र साहू और प्रमोद केंवट का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button