अकलतरा में रेल कार्य से 11 दिन बाधित रहेगा यातायात, कई मेमू व पैसेंजर ट्रेनें रद्द

रायपुर, 24 मार्च 2026। रेल मंडल रायपुर से बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ की ओर रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित अकलतरा स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी और यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते 30 मार्च से 11 अप्रैल तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इस निर्णय के कारण रायपुर से चलने वाली और रायपुर आने वाली कई महत्वपूर्ण मेमू और पैसेंजर ट्रेनें इस अवधि में रद्द रहेंगी। इसका सबसे अधिक असर उन नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों पर पड़ेगा, जो रायपुर से कोरबा और गेवरा रोड के बीच प्रतिदिन यात्रा करते हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, रायपुर-कोरबा और रायपुर-गेवरा रोड के बीच चलने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेनें 30 मार्च से 11 अप्रैल तक पूरी तरह रद्द रहेंगी। वहीं, बिलासपुर-रायगढ़ और बिलासपुर-कोरबा के बीच संचालित मेमू ट्रेनों का संचालन भी 11 दिनों तक बंद रहेगा।
यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में विशेष व्यवस्था की है। गाड़ी संख्या 18250/18249 और 18252/18251 हसदेव एक्सप्रेस को 31 मार्च से 11 अप्रैल तक कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा, जिससे छोटे स्टेशनों के यात्रियों को कुछ हद तक सुविधा मिल सके।
प्रमुख रद्द ट्रेनें इस प्रकार हैं:
- रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204): 30 मार्च से 10 अप्रैल तक रद्द
- कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203): 31 मार्च से 11 अप्रैल तक रद्द
- रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746): 30 मार्च से 10 अप्रैल तक रद्द
- गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68745): 31 मार्च से 11 अप्रैल तक रद्द
इसके अलावा, गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861) 31 मार्च से 11 अप्रैल तक केवल बिलासपुर तक ही संचालित होगी। इस दौरान बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।




