CG NEWS:महादेव घाट रोड पर चाकूबाजी में युवक की मौत, हमले में दूसरा युवक घायल

रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र में महादेव घाट रोड स्थित गणेश मंदिर के पास चाकूबाजी की घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ महादेव घाट रोड से पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टीकेंद्र देवांगन (20), पिता केतराम देवांगन, निवासी चंगोराभाठा, ने कैलाश को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि टीकेंद्र ने बिना किसी बातचीत के अपने पास रखे चाकू से कैलाश पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टीकेंद्र पर वार कर दिया। चाकू के वार से टीकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलने पर डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




