बारिश में ड्यूटी करने वाले यातायात जवानों को मिले रेनकोट

रायपुर। वर्षा ऋतु में लगातार बारिश के बीच यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिस जवानों की सुविधा और उनके समर्पण को देखते हुए उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भांठागांव और NH MMI हॉस्पिटल, पचपेड़ी नाका-लालपुर द्वारा 200-200 रेनकोट उपलब्ध कराए गए। इस सहयोग के लिए दोनों अस्पतालों के प्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए आभार समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने दोनों अस्पतालों के प्रतिनिधियों एवं चिकित्सकों का सम्मान कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए रेनकोट यातायात पुलिस के जवानों को वितरित किए गए।
पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र भी उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल एवं NH MMI हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यातायात पुलिस के जवान बारिश, धूप और अन्य प्रतिकूल मौसम में भी सड़कों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हैं। अस्पतालों द्वारा दिया गया यह सहयोग जवानों की सुविधा के साथ-साथ उनके कर्तव्य और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रमेश येरेवार, सहायक पुलिस आयुक्त कमलजीत पाटले, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रायपुर यातायात पुलिस ने दोनों अस्पतालों के इस मानवीय एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि समाज और विभिन्न संस्थाओं का इस प्रकार का सहयोग पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी पूरी प्रतिबद्धता से कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रेरित करता है।




