Chhattisgarh

धरसींवा-तिल्दा में विकास कार्यों की समीक्षा, विधायक अनुज शर्मा ने दिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

धरसींवा, 24 मार्च 2026। Dharsiwa विधानसभा क्षेत्र के विधायक Anuj Sharma ने जनपद पंचायत धरसींवा में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान धरसींवा और Tilda जनपद पंचायतों के अंतर्गत चल रहे कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनपद पंचायत धरसींवा में कुल 695 स्वीकृत कार्यों में से 458 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 216 कार्य अभी अपूर्ण हैं और 21 कार्य प्रारंभ होना बाकी हैं। वहीं तिल्दा जनपद पंचायत में कुल 1710 कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें से 1325 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। शेष में 147 कार्य प्रगतिरत, 2 अपूर्ण और 236 कार्य अभी अप्रारंभ हैं।

विधायक अनुज शर्मा ने अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों की संख्या पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए और जो कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मीडिया से चर्चा में विधायक ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब सभी स्वीकृत योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अपूर्ण” और “अप्रारंभ” जैसे शब्दों को कार्यशैली से हटाना होगा और प्रशासन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगली समीक्षा बैठक तक सभी लंबित कार्यों में ठोस प्रगति दिखनी चाहिए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button