Chhattisgarh

रेलवे प्लेटफॉर्म के बाहर 13 किलो गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, प्रयागराज ले जाने की थी तैयारी

रायपुर, 13 मार्च। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। आरोपियों को गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग से रंगेहाथ पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 किलो 156 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख 77 हजार 800 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 मार्च को गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग क्षेत्र में एक महिला और एक पुरुष अपने पास बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। टीम ने मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर संदिग्ध महिला और पुरुष को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वे प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। दोनों आरोपी ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जाने की तैयारी में थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 किलो 156 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिया। मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र प्रसाद (29) पिता रामबहादुर निवासी ग्राम मोचारा खास थाना सैनी जिला कौशांबी, उत्तरप्रदेश तथा हेमलता कैवर्त्य (30) पति देवकुमार कैवर्त्य निवासी ग्राम कारगिरोड थाना कोटा जिला बिलासपुर हाल पता थाना धूमनगंज जिला प्रयागराज, उत्तरप्रदेश शामिल हैं।

इस कार्रवाई में गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. चंद्राकर, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी तथा आरपीएफ से निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक एल.एन. सिंह, प्रधान आरक्षक वीसी बंजारे और आरक्षक विजय सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button