रिचर्ड डेविड लोगन बने आम आदमी पार्टी के कोरबा जिलाध्यक्ष

कोरबा, 11 अक्टूबर 2025।
आम आदमी पार्टी ने संगठन विस्तार के तहत छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इसी क्रम में कोरबा जिले की जिम्मेदारी पार्टी के जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ता रिचर्ड डेविड लोगन को सौंपी गई है।
प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक के निर्देश पर, सह प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू और प्रदेश महासचिव वढूद आलम ने नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी की।
कोरबा से चयनित रिचर्ड डेविड लोगन लंबे समय से पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी नियुक्ति से जिले में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में आम आदमी पार्टी को कोरबा में नई मजबूती और दिशा मिलेगी।
जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर रिचर्ड डेविड लोगन ने कहा, “आम आदमी पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। जनता की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा।”