चलित झांकी में लोगों को भा रहा भगवान श्री कृष्ण का हुलियारा अंदाज

धमतरी,3 सितंबर। गणेश उत्सव पर शहर में नयनाभिराम झांकियां सजाई गई हैं। इसमें से एक कृष्ण की गोकुलधाम में होली खेलने की झांकी आकर्षण का केंद्र बना हुई है। इसका दर्शन लाभ लेने भक्तगण पहुंचने लगे हैं।

मठ मंदिर चौक में स्वर्गीय भीखू सेठ के परिवार द्वारा यहां पर चलित झांकी का मंचन किया जा रहा है। अग्रवाल परिवार द्वारा इस बार कृष्ण रंग की लीला झांकी बनाई गई है। झांकी में दिखाया गया है कि भगवान श्री कृष्ण यहां गोकुल धाम में माता यशोदा एवं गोपियों के साथ रंग खेल रहे हैं। भक्ति संगीत के बीच अलग-अलग मूर्तियां रंग उड़ाते हुए दिख रही हैं। इस दौरान आकर्षक विद्युत सज्जा का तालमेल एक अलग एहसास लोगों को देता है। चलित झांकी लोगों में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसका दर्शन लाभ लेकर लोग झांकी की सराहना करने से नहीं चूकते। स्वर्गीय भीखू सेठ ने सालों पहले धमतरी शहर में गणेश उत्सव के दौरान चलित झांकी बनाने की शुरुआत की थी। उनके बाद परिवार के सदस्य उनके इस नेक कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रतिवर्ष यहां पौराणिक गाथाओं पर आधारित चलित झांकी का मंचन किया जाता है। इस यहां पर बनाई जाने वाली चलित झांकी को देखने के लिए धमतरी शहर के साथ ही साथ आसपास के गांव के लोग काफी संख्या में यहां पहुंचते हैं। दिन ढलते ही झांकी का मंचन शुरू हो जाता है।

गणेश उत्सव के तहत शहर के अन्य गणेश पंडालों में सुबह से रात तक भक्ति गीत गूंज रहे हैं। पूरा शहर भक्ति में डूबा हुआ है। जिले में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। गौरतलब है कि धर्म की नगरी में कोरोना संकट काल के दो साल बाद गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसे लेकर इस बार सभी में खासा उत्साह है। शहर में जगह जगह चौक-चौराहों एवं मुख्य स्थलों पर भगवान गणेश की बड़ी मूर्तियां आकर्षक पंडालों में विराजित की गई है। साथ ही इस बार नयनाभिराम झांकियां भी बनाई गई है। जो कि लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।