Chhattisgarh

23 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, सोमनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे विधायक अनुज शर्मा

रायपुर/धरसींवा। क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में 23 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे चरोदा स्थित मुक्तेश्वर मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद श्रद्धालु पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा के रूप में ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर धरसींवा के सेवा सदन में विधायक अनुज शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जनप्रतिनिधियों, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में यात्रा के रूट, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, जलपान, विश्राम और प्राथमिक चिकित्सा सहित सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं को प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे धरसींवा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए सामूहिक साधना है। उन्होंने सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से 23 अगस्त को सुबह 7 बजे मुक्तेश्वर मंदिर पहुंचने और अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल होने की अपील की।

बैठक में राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

सेवा सदन में विधायक ने जनदर्शन भी लगाया, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button