Chhattisgarh

मुंगेली पुलिस का ‘ऑपरेशन बाज’ सफल, राशन दुकानों से 100 क्विंटल चावल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा; 4 गिरफ्तार

मुंगेली, 11 अगस्त 2026। मुंगेली पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर और चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 24 हजार रुपए नकद सहित करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, लोहे का रॉड और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में अगस्त के पहले सप्ताह में चोरी की घटनाएं हुई थीं। ग्राम बेलखुरी की सोसायटी से करीब 76 कट्टी चावल, कलारजेवरा से 25 कट्टी चावल तथा पालचुवा की दुकान से करीब 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को ग्राम बावली और चिरौटी के कुछ संदिग्ध लोगों के पिकअप वाहन से आसपास घूमने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त की रात आरोपी अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से ग्राम कलारजेवरा पहुंचे और सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर करीब 30 कट्टी चावल चोरी किया। इसके बाद ग्राम बेलखुरी पहुंचकर सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर करीब 35 कट्टी चावल पार किया गया। 6 और 7 अगस्त की रात ग्राम पालचुवा की सोसायटी में चोरी कर करीब 45 कट्टी चावल और 15 कट्टी शक्कर ले जाई गई।

चोरी किए गए चावल और शक्कर को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चोरी का चावल बिलासपुर में व्यापारियों के माध्यम से बेचा जाता था। मामले में पुलिस ने बिलासपुर निवासी व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त करीब 2.50 लाख रुपए आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे।

पुलिस ने ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक, राजु श्रीवास और महेन्द्र निषाद तथा बिलासपुर निवासी व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 200 कट्टी चावल, करीब 100 क्विंटल वजन, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपए नकद, पिकअप वाहन क्रमांक CG-28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरी, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।

एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। आरोपियों ने चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल तथा सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी स्थित सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की बात बताई है। इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में 10 बोरी डीएपी खाद और ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की जानकारी भी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश कौशिक पिता स्व. दिनेश, उम्र 22 वर्ष, राजु श्रीवास पिता रामकुमार, उम्र 20 वर्ष, महेन्द्र निषाद पिता भागवत, उम्र 21 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम बावली तथा व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा पिता स्व. परमानंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी जुनापारा, बिलासपुर शामिल हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और दूसरे थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रभारी थाना सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रभारी थाना पथरिया सहित साइबर सेल, थाना सिटी कोतवाली और थाना पथरिया के पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचना दें। उन्होंने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है।

Related Articles

Back to top button