Bihar

शादी की तारीख तय होने से पहले घर से गायब हुई युवती, प्रेमी के घर के पीछे दफन मिला शव, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

किशनगंज। जिले में 23 वर्षीय युवती की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बासीद आलम को गिरफ्तार कर लिया है। युवती का शव पड़ोस में रहने वाले आरोपी के घर के पीछे करीब 100 मीटर की दूरी पर मिट्टी और बांस की कंचियों के नीचे दबा हुआ मिला था। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।

घटना पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंघिया गांव की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बासीद आलम पर युवती की हत्या कर शव छिपाने का आरोप है। थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। आरोपी की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

एक साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

परिजनों के अनुसार, युवती का पड़ोस में रहने वाले सलमुद्दीन के बेटे बासीद आलम के साथ करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। इसकी जानकारी परिवार को मिलने के बाद दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर बैठक हुई थी। इसमें दोनों की शादी कराने पर सहमति बनी थी।

परिवार के लोग 16 नवंबर को युवक के घर जाकर शादी की तारीख तय करने वाले थे। घर में शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद शनिवार को पहाड़कट्टा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

घर के पीछे मिट्टी के नीचे मिला शव

युवती की तलाश के दौरान रविवार को आरोपी के घर के पीछे करीब 100 मीटर की दूरी पर मिट्टी और बांस की कंचियों के नीचे उसका शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके बाद मामले में कार्रवाई करते हुए बासीद आलम को गिरफ्तार कर लिया गया।

खुलेगा कई सवालों का राज

पुलिस अब मृतका और आरोपी के मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और आपसी बातचीत से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच का अहम बिंदु यह है कि शुक्रवार तड़के चार बजे युवती घर से कैसे निकली थी। क्या उसे फोन कर बुलाया गया था या वह खुद किसी वजह से वहां पहुंची थी? पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी का भी प्रयास कर रही है। इसके अलावा यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या नहीं और शव को दफनाने में किसी अन्य व्यक्ति ने मदद की थी।

कड़ी सजा की मांग

परलाबाड़ी पंचायत के काला सिंघिया गांव में घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। शादी की तारीख तय होने से पहले युवती की मौत और शव मिलने की घटना से परिजन सदमे में हैं। परिवार ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होगा। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button