Chhattisgarh

PM यशस्वी योजना से टिकेश्वर यादव को मिली ₹2.32 लाख की छात्रवृत्ति, कलेक्टर ने किया सम्मानित

बलौदाबाजार, 18 नवंबर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने में केंद्र सरकार की पीएम यशस्वी योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना का लाभ लेकर बलौदाबाजार जिले के ग्राम परसाभदेर निवासी टिकेश्वर यादव ने अपनी पढ़ाई के लिए 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

टिकेश्वर यादव ने दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) में पढ़ाई के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया था। पीएम यशस्वी टॉप क्लास एजुकेशन इन कॉलेज योजना के तहत उन्हें यह छात्रवृत्ति मिली। वर्तमान में टिकेश्वर उत्तर प्रदेश में नौकरी कर रहे हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त करने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बन गया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने टिकेश्वर की मेहनत और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता की सराहना की। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाएं।

ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी वर्ग के विद्यार्थियों को मिलता है लाभ

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम यशस्वी टॉप क्लास एजुकेशन इन कॉलेज योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति (DNT) के पात्र विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस एवं निर्धारित शुल्क के साथ रहने-खाने के लिए 3,000 रुपये प्रतिमाह, किताबों और स्टेशनरी के लिए 5,000 रुपये प्रतिवर्ष तथा लैपटॉप खरीदने के लिए 45,000 रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का ओबीसी, ईबीसी या डीएनटी वर्ग से होना आवश्यक है। इसके साथ ही परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और विद्यार्थी का अधिसूचित प्रतिष्ठित संस्थान में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्णकालिक पाठ्यक्रम में प्रवेश होना जरूरी है। पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button