Chhattisgarh

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश, अवैध शराब-गांजा और साइबर अपराध पर एसपी सुनील शर्मा सख्त

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की मैराथन बैठक ली। पुलिस कार्यालय में आयोजित बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के साथ ही अवैध शराब, गांजा तस्करी और साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी सुनील शर्मा जिले में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था स्थापित करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और थानों में लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से लंबित शिकायतों, मर्ग, खात्मा एवं अपराध प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी थाने में 60 दिन से अधिक पुराना कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

साइबर अपराध के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं जिले में गांजा एवं अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संदिग्ध मार्गों पर नाकेबंदी कर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

एसपी सुनील शर्मा ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि अवैध शराब, गांजा तस्करी और साइबर अपराध जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button