रायगढ़ में पति ने बांस के डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 19 नवंबर। जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से मारपीट की, फिर पैर से गला दबाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी सोमारी पहाड़ी कोरवा की शादी करीब चार वर्ष पहले सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 वर्ष) के साथ हुई थी। 15 नवंबर 2026 को दोनों घरेलू और व्यक्तिगत सामान खरीदने के लिए कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात होने और शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि रास्ते में पत्नी के कई बार गिरने और घर जाने से इनकार करने पर आरोपी गुस्से में आ गया। उसने हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पैर से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतिका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा की रिपोर्ट पर 17 नवंबर को कापू थाने में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कापू पुलिस ने ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर आरोपी पति सत्यनारायण को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण तथा कापू TI निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद और छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना उचित नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से विवाद की स्थिति में संयम बरतने और किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।




