धमतरी में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 67 प्रकरण दर्ज; 13,400 रुपये जुर्माना वसूला

धमतरी, 19 नवंबर। जिले में नशे के विरुद्ध अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत 67 प्रकरण दर्ज कर कुल 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला है। यह विशेष अभियान SP भावना पांडेय के निर्देशन में 18 नवंबर को जिलेभर में चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
थानावार कार्रवाई में कोतवाली और नगरी थाना क्षेत्र में 10-10 प्रकरण दर्ज कर 2-2 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। भखारा में 8 प्रकरणों पर 1,600 रुपये, अर्जुनी, मगरलोड और बिरेझर चौकी क्षेत्र में 7-7 प्रकरणों पर 1,400-1,400 रुपये तथा रुद्री में 6 प्रकरणों पर 1,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह कुरुद और सिहावा में 4-4 प्रकरणों पर 800-800 रुपये, केरेगांव में 3 प्रकरणों पर 600 रुपये तथा बोराई थाना क्षेत्र में 1 प्रकरण पर 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अभियान
धमतरी पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
पुलिस ने नागरिकों और दुकानदारों से सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री से बचने तथा नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने की अपील की है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




