बस्तर ओलंपिक में बच्चों को गोद में लेकर मैदान पर उतरीं महिलाएं, कबड्डी और रस्साकसी में दिखाया दमखम

0 सुकमा के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में खेलों को लेकर बढ़ा उत्साह, छिंदगढ़ में ग्रामीण महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की दिखी भागीदारी
रायपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में खेलों के प्रति उत्साह और बदलते माहौल की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में ग्रामीण महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान में पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। महिलाओं के इस उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।
पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में खेल गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि इस आयोजन में साफ नजर आई। युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इससे बस्तर ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों में एक बड़े खेल उत्सव का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। कभी पहुंचविहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों का सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ाव बढ़ता है। साथ ही युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है।
जूनियर और सीनियर वर्ग में हो रही प्रतियोगिताएं
बस्तर ओलंपिक के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन मुकाबलों के जरिए ग्रामीण अंचलों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।
23 नवंबर तक विकासखंड स्तर की स्पर्धाएं
सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे। वहीं, 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक के माध्यम से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को मुख्यधारा की सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




