Chhattisgarh

भीषण गर्मी में कोरबा के कई वार्डों में जल संकट, टैंकरों पर बढ़ी निर्भरता

भीषण गर्मी में कोरबा के कई वार्डों में जल संकट, टैंकरों पर बढ़ी निर्भरता,ऊंचाई वाले इलाकों और अंतिम छोर की बस्तियों में नहीं पहुंच रहा नल का पानी, कुछ ही मिनटों में खाली हो जा रहे टैंकर

कोरबा,14 अप्रैल । जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शहर के कई वार्डों में जल संकट गहराता जा रहा है। विशेष रूप से अंतिम छोर पर बसे मोहल्लों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन इलाकों में नियमित पाइपलाइन से जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों की निर्भरता पूरी तरह से टैंकरों पर बढ़ गई है।

प्रभावित क्षेत्रों में चेकपोस्ट वार्ड की पुराना कॉलोनी, रामपुर वार्ड का ऊपरी पारा, ओवर बर्डन क्षेत्र स्थित गायत्री नगर और इमलीडुग्गू प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन इलाकों में पानी टंकी से सप्लाई नहीं पहुंचने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ रहा है।

नगर निगम द्वारा इन बस्तियों में सुबह और शाम कुल चार टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था भी पर्याप्त साबित नहीं हो रही है। जैसे ही टैंकर पहुंचता है, पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी अपने-अपने बर्तन, बाल्टी और डिब्बे लेकर लाइन में लग जाते हैं। स्थिति यह है कि कुछ ही मिनटों में टैंकर का पानी समाप्त हो जाता है और कई लोगों को बिना पानी लिए ही लौटना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की मांग भी बढ़ गई है, लेकिन सप्लाई उसी अनुपात में नहीं बढ़ाई गई है। इससे लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ रही है। कई बार तो लोगों के बीच पानी भरने को लेकर विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

नगर निगम के जल प्रभारी राकेश मसीह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच पा रहा है और जहां बोरवेल भी फेल हो चुके हैं, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार टैंकरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

फिलहाल, भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button