Chhattisgarh

धमतरी पुलिस ने 300 विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी

  • खरेंगा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ऑनलाइन ठगी से बचाव और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के बताए गए उपाय

धमतरी, 16 नवंबर 2026। साइबर अपराधों की रोकथाम और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में SP भावना पांडेय के निर्देशन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 300 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया। इसमें फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दी गई।

यातायात नियमों के पालन की दी गई समझाइश

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

इसके अलावा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, रांग साइड से वाहन चलाने से बचने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी नहीं बैठाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के महत्व को बताया गया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और परिचितों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

धमतरी पुलिस का उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और सड़क पर यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, शिक्षकगण, यातायात पुलिस स्टाफ सहित लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button