KORBA:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो मामलों में उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 16 नवंबर 2026। महिला संबंधी अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले की उरगा पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामलों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में शिकायत मिलने के बाद तत्काल विवेचना शुरू की और आरोपियों की पतासाजी कर 24 घंटे के भीतर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19), निवासी पताढ़ी, थाना उरगा, वर्तमान निवासी श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने उससे जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि आरोपी ने घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 15 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं, दूसरे मामले में ग्राम जुनवानी निवासी कृष्ण कुमार कंवर (21) के खिलाफ एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पीड़िताओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में तत्काल विवेचना, आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है। दोनों मामलों में उरगा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




