सफाई कार्य एजेंसी को दो वर्ष के लिये किया गया ब्लेक लिस्टेड

- आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सफाई कार्य में सुधार न करने तथा अनुबंध की कंडिकाओं का पालन न करने पर सफाई कार्य एजेंसी कोरबा ग्रीन नर्सरी को किया ब्लेक लिस्टेड )
कोरबा 16 नवम्बर 2026 – आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आदेश जारी कर सफाई कार्य में सुधार न करने तथा अनुबंध की कंडिका क्रमांक 03 की विभिन्न उप कंडिकाओं के उल्लंघन पर सफाई कार्य ठेकेदार कोरबा ग्रीन नर्सरी को नगर पालिक निगम कोरबा की आगामी निविदाओं में भाग लेने हेतु दो वर्ष की अवधि के लिये प्रतिबंधित कर दिया है, इसके साथ ही नगर निगम में ठेकेदार को आबंटित स्वच्छता ठेके के कार्यादेशो को निरस्त करते हुये निविदा के समय जमा अमानत राशि एवं अंतर राशि को मयब्याज राशि सहित राजसात कर लिया गया है।
सफाई कार्य एजेंसी कोरबा ग्रीन नर्सरी द्वारा रविशंकर शुक्ल नगर एवं दर्री जोन क्षेत्र की साफ-सफाई के कार्य का ठेका लिया गया है, जिसका अनुबंध निगम एवं उक्त एजेंसी के मध्य संपादित किया गया था, जारी आदेश के अनुसार निगम द्वारा सफाई कार्य सुधार हेतु जारी विभिन्न नोटिस पत्र के उपरांत भी रविशंकर नगर जोन की सफाई कार्य में सुधार कार्य न करते हुये 06 नवम्बर को रविशंकर नगर जोन के सभी वार्डो के सफाई कर्मी सामुहिक रूप से हड़ताल पर चले गये, जिसके कारण उक्त जोन का सफाई कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित हुआ है। सफाई कार्य एजेंसी द्वारा निगम अधिकारियों की अवमानना की गई, स्वास्थ्य अधिकारी नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा फोन के माध्यम से संपर्क किये जाने पर फोन नहीं उठाया गया, जबकि एजेंसी द्वारा एक वर्ष की कार्यावधि पूर्ण होने के उपरांत समयवृद्धि में पूर्व स्वीकृत दर पर एवं अनुबंध की नियम शर्तो के अंतर्गत कार्य करने की सहमति प्रदान की गई है, एजेंसी केा नोटिस पत्र जारी किये गये जिसके प्रतिउत्तर में एजेंसी द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं है, एजेंसी द्वारा अनुबंध की कंडिका क्रमांक 3 की उप कंडिका क्र. 1, 3, 7, 10, 13, 24, 26, 27, 29 एवं 36 में निहित प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है, आदेश में कहा गया है कि इससे स्पष्ट है कि आपके द्वारा नगर निगम के स्वच्छता कार्यो में कोइ रूचि नहीं ली जा रही है एवं सामूहिक हडताल की परिस्थिति निर्मित की जाकर मूलभूत सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है, पूर्व में भी आपको आबंटित कार्यक्षेत्र से स्वच्छता संबंधी शिकायतें मिलती रही है, जिससे प्रमाणित होता है कि अनुबंधित स्वच्छता कार्य संपादन में आपकी रूचि नहीं है, इस प्रकार नगर निगम कोरबा का आपके साथ किये गये समस्त स्वच्छता अनुबंध भी स्वमेव निष्पक्षता एवं संतुलन की कसौटी पर वस्तुनिष्ठ एवं विश्वसनीय नहीं रह गये है। अतः अनुबंध की कंडिका क्रमांक 1, 3, 7, 10, 13, 24, 26, 27, 29 एवं 36 का पालन नहीं होने एवं आपकी कार्यशैली में अपेक्षित सुधार न होने के फलस्वरूप आपको नगर निगम में आबंटित स्वच्छता ठेके के कार्यादेशो को निरस्त करते हुये निविदा के समय जमा अमानत राशि एवं अंतर रशि को मयब्याज राशि सहित राजसात की जाती है तथा अगली निविदा में अंतर की क्षतिपूर्ति राशि आपके अन्य बिल या उपलब्ध सुरक्षा राशि से वसूल किया जायेगा, साथ ही आपको नगर पालिक निगम कोरबा की आगामी निविदाओं में भाग लेने हेतु 02 वर्ष की अवधि के लिये प्रतिबंधित किया जाता है।




