Chhattisgarh

दीपका में इनोवा सवार युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला, विधि से संघर्षरत बालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 23 सितंबर 2026। दीपका थाना क्षेत्र में इनोवा वाहन सवार युवकों के साथ मारपीट कर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी पुलिस ने पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में प्रार्थी शिव ओम प्रकाश उरें (24), निवासी ग्राम सिरकी बधारपानी, थाना दीपका, इनोवा वाहन क्रमांक CG 13 AL 1100 में चालक के रूप में कार्य करता है। 22 सितंबर 2026 को वह बुकिंग लेकर नड़वारानी गया था। वहां से वापस लौटने के बाद वह अपने दोस्तों अमन चौहान और गौरव शर्मा के साथ रात करीब 10 बजे इनोवा वाहन से झाबर की ओर जा रहा था। वाहन प्रार्थी चला रहा था, जबकि अमन चौहान उसके बगल में और गौरव शर्मा पीछे की सीट पर बैठा था।

इसी दौरान आरोपियों ने वाहन सवार युवकों के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवकों को चोटें आईं। मामले की सूचना मिलने पर दीपका थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 396/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने 23 सितंबर को हंसराज जांगड़े, इलियाज कुजूर उर्फ पुक्की और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों के विरुद्ध अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों वयस्क आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस द्वारा घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button