कोरबा में एनएचएम योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा, दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने के निर्देश

कोरबा, 23 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की आरओपी (वार्षिक कार्ययोजना) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जिले में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने पर जोर देते हुए दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं नियमित और सुचारू रूप से संचालित हों। अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहकर मरीजों को आवश्यक उपचार, परामर्श और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आयोजित किए जाएं, ताकि मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य अमले को समय-समय पर आवश्यक जानकारी, प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता मिल सके। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ इसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सकेगा।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी अमले की सक्रियता और योजनाओं की सतत समीक्षा पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के नागरिकों को सहज, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




