विशेष अभियान 6 में एसईसीएल ने 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र की सफाई का रखा लक्ष्य

बिलासपुर, 23 सितंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARPG) के विशेष अभियान 6 के तहत व्यापक स्वच्छता एवं प्रशासनिक सुधार अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान के तहत एसईसीएल के विभिन्न प्रतिष्ठानों में 225 स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थलों पर करीब 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र की सफाई के साथ 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विशेष अभियान 6 का तैयारी चरण 15 से 30 सितंबर तक चलेगा, जबकि मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। अभियान में स्वच्छता के साथ ई-वेस्ट प्रबंधन, कार्यालयीन स्थानों के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित प्रशासनिक कार्यों के निपटारे पर विशेष जोर दिया जाएगा।
ई-वेस्ट प्रबंधन को मिलेगी प्राथमिकता
अभियान के दौरान एसईसीएल के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में इलेक्ट्रॉनिक कचरे की पहचान, संग्रहण, पृथक्करण और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिम्मेदाराना निस्तारण किया जाएगा। कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों को ई-वेस्ट के पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
500 भौतिक और 7 हजार ई-फाइलों की होगी समीक्षा
प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित कार्यों के निपटारे पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान अवधि में 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा और 200 फाइलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह 7,000 ई-फाइलों की समीक्षा तथा 3,000 ई-फाइलों को बंद करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य पुराने एवं अनावश्यक रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के साथ कार्यालयीन स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
पिछले अभियान में 6,400 मीट्रिक टन से अधिक स्क्रैप का निस्तारण
विशेष अभियान 5 के दौरान एसईसीएल ने 203 के लक्ष्य के मुकाबले 229 स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की थीं। इस दौरान 43 लाख वर्गफीट से अधिक क्षेत्र की सफाई और 6,400 मीट्रिक टन से अधिक स्क्रैप का निस्तारण किया गया था, जिससे करीब 24 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अभियान की निर्धारित अवधि के बाद भी स्वच्छता एवं स्थान प्रबंधन की गतिविधियां जारी रहीं और नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच करीब 2.52 लाख वर्गफीट अतिरिक्त क्षेत्र की सफाई की गई।
विशेष अभियान 6 का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देना, लंबित मामलों को कम करना, स्क्रैप एवं ई-वेस्ट का प्रभावी प्रबंधन करना तथा उपलब्ध सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।




