जिला बदर बदमाश फैजल खान गिरफ्तार, आदेश तोड़कर चांपा क्षेत्र में छिपा मिला

जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त। जिला बदर किए जाने के बावजूद चोरी-छिपे चांपा क्षेत्र में रह रहे आदतन बदमाश फैजल खान को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बरपाली चौक, चांपा निवासी फैजल खान को जिला दण्डाधिकारी, जांजगीर-चांपा द्वारा एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ तथा बलौदाबाजार जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आरोपी आदेश का उल्लंघन कर चांपा क्षेत्र में रह रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चांपा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके विरुद्ध राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 एवं प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई बलवंत घृत लहरे तथा आरक्षक श्याम राठौर, ईश्वरी राठौर और गौरी शंकर राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




